दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर पुलिस अलर्ट: बाइकर्स गैंग पर नकेल कसने के लिए सड़कों पर उतरे यातायात डीएसपी

 


भागलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के पावन त्योहार के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने, अपराधियों पर लगाम कसने और मनबढ़ बाइकर्स गैंग पर नकेल कसने के लिए भागलपुर यातायात पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।

इसी कड़ी में गुरुवार को कचहरी चौक से लेकर तिलकामांझी रोड तक यातायात पुलिस द्वारा दोपहिया वाहनों का एक सघन जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व खुद यातायात डीएसपी संजय कुमार कर रहे थे।

पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। वाहन जांच के दौरान यातायात डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान शहरवासियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसी उद्देश्य से पूरे शहर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस की पैनी नजर हर संदिग्ध गतिविधि पर है। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले हुड़दंगियों और मनचलों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

यातायात डीएसपी ने वाहन चालकों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि अपनी बाइक के नंबर प्लेट के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें। कुछ लोग पहचान छुपाने या स्टाइलिश दिखने के चक्कर में नंबर प्लेट पर लिखे अंकों को छुपाने या बदलने का प्रयास करते हैं, जो कि गंभीर अपराध है। अगर कोई भी वाहन चालक नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा।

यातायात पुलिस ने आम जनता और शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। त्योहार के इस उल्लासपूर्ण माहौल में शांति, सौहार्द और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित तरीके से दुर्गा पूजा का आनंद ले सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर