सांसद का प्रयास लाया रंग, भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन को मिली मंजूरी

 


भागलपुर, 25 मई (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण भागलपुर संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के कई जिलों के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

आम जनता की इस गंभीर समस्या को देखते हुए सांसद अजय कुमार मंडल ने जनसुविधा के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित संबंधित रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखकर भागलपुर से कटिहार (भाया नवगछिया) के बीच दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेन चलाने का विशेष अनुरोध किया था।

सांसद के इस पत्र पर रेल मंडल के अधिकारियों ने त्वरित एवं सकारात्मक संज्ञान लिया है। रेलवे द्वारा भागलपुर-कटिहार भाया मुंगेर-नवगछिया स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या: 03407-03408) के परिचालन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस स्वीकृति की आधिकारिक जानकारी पूर्व रेलवे (मालदा) के सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने पत्र के माध्यम से सांसद अजय कुमार मंडल को दी है।

रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र की जनता को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। इस त्वरित कार्रवाई के लिए सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे के तमाम अधिकारियों के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार और धन्यवाद प्रकट किया है।

सांसद ने आगे कहा कि इस स्पेशल ट्रेन सेवा के प्रारंभ होने से भागलपुर, नवगछिया, कटिहार एवं आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी सहूलियत होगी और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। वे क्षेत्र की जनता की हर समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर