भागलपुर अग्निशमन सेवा ने मॉक ड्रिल के जरिए युवाओं को सिखाए बचाव के गुर
भागलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। आग लगने की घटना कभी भी और कहीं भी हो सकती है। ऐसी स्थिति में थोड़ी-सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जबकि समय पर उठाया गया सही कदम जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम कर सकता है। इसी उद्देश्य से अग्निशमन सेवा, भागलपुर की ओर से युवाओं को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को एक विशेष मॉक ड्रिल और ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान युवाओं को आग से बचाव, सुरक्षा के उपाय और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। मॉक ड्रिल में जुटे युवाओं को संबोधित करते हुए अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सरवर रविदास ने कहा कि आग लगने के बाद घबराहट में लिया गया गलत फैसला स्थिति को और गंभीर बना सकता है, इसलिए ऐसी परिस्थिति में धैर्य बनाए रखना बेहद जरूरी है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने युवाओं को एकजुट कर अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने समझाया कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार सावधानी बरतनी चाहिए और खुद को सुरक्षित रखते हुए दूसरों की मदद कैसे करनी चाहिए। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से युवाओं को संभावित अग्निकांड से पहले बरती जाने वाली सावधानियों और आग लगने के बाद किए जाने वाले त्वरित बचाव कार्यों की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति का डटकर मुकाबला कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर