भूमि व गंडक घाट विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पांच घायल

 


बेतिया, 10 सितंबर (हि.स.)। बेतिया पुलिस जिला स्थित नौतन थाना क्षेत्र के बरदाहां पंचायत के वार्ड संख्या 13 में पूर्व के भूमि विवाद और गंडक नदी के घाट पर शराब पार कराने को लेकर गुरुवार की अहले सुबह हुए विवाद में मुकेश यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मारपीट की घटना में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल बेतिया में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है

।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मड़ुआहां निवासी गजेंद्र यादव और बनहौरा निवासी मुकुंद यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के भाई बलिंद्र यादव के बयान पर पुलिस ने ग्यारह लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज किया है।

पीड़ित ने बताया कि भूमि विवाद और गंडक नदी के घाट को लेकर पूर्व से चले आ रहे विवाद ने गुरुवार की सुबह उस समय गंभीर रूप ले लिया। जब दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान मुकेश यादव पच्चीस वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोग भी घायल हो गए।

प्राथमिकी के आधार पर पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।इधर युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजन आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। जहां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर पहुंचकर कारवाई करने की बात कही।थानाध्यक्ष प्रमोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक