बेतिया मे प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली कलश यात्रा, 501 कन्याओं ने लिया भाग
बेतिया, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले में नौतन प्रखंड के पकड़िया पंचायत अंतर्गत मझरिया वार्ड नंबर 9 में नवनिर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
इस धार्मिक आयोजन में 501 कन्याओं ने सिर पर कलश लेकर जल यात्रा में भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया.कलश यात्रा की शुरुआत आचार्य शम्भू मिश्रा के वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर की गई। इसके बाद कन्याएं एवं श्रद्धालु महिलाएं कलश लेकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए कुढ़िया पहुंचीं, जहां से जल भरकर पुनः मंदिर परिसर लौटीं. यात्रा के दौरान जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंज उठा।
मुखिया प्रतिनिधि चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि मझरिया में अर्धनिर्मित मंदिर का निर्माण उनके प्रयास से पूरा कराया गया है। इस मंदिर में भगवान शिव एवं हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर यह कलश यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को लेकर गांव में काफी उत्साह है और आगामी दिनों में कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान जमुनिया मुखिया बसंत साह, मुखिया अफरोज नय्यर, ललन साह, श्रीकांत प्रसाद, ओम प्रकाश प्रसाद, महेश साह, दिनेश साह, साहब साह सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे.आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक