बोलेरो की हुई चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
बेतिया, 25 मई (हि.स.)। जिले में नौतन थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में रविवार की देर रात्रि दरवाजे पर खड़ी बोलेरो चोरी होने का मामला सामने आया है।
बताया जाता है कि चोरी हुई बोलेरो शिवराजपुर निवासी नरेश पटेल की है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात युवक घर के पास पहुंचे और बोलेरो को पहले धक्का देकर कुछ दूर तक ले गए।
इसके बाद वाहन को स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना बगल के पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तीनों युवक सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही वाहन मालिक एवं परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन बोलेरो का कोई सुराग नहीं मिल सका।मामले की सूचना नौतन थाना पुलिस को दे दी गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुट गई है। वहीं गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि वाहन स्वामी द्वारा आवेदन मिला है। पुलिस चोरो की पहचान करने में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक