बक्सर में 'बेटी जन्मोत्सव' का आयोजन, 12 नवजात कन्याओं के परिजनों को मिला बेबी किट
बक्सर, 22 जुलाई (हि.स.)। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बुधवार को बक्सर जिले में जिला स्तर सहित सभी प्रखंडों में बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सदर अस्पताल बक्सर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने 12 नवजात कन्या शिशुओं के परिजनों को बेबी किट भेंट कर सम्मानित किया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, लिंगानुपात में सुधार लाना तथा बेटियों के समान एवं सम्मानजनक पालन-पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान नवजात बालिकाओं और उनके परिवारों का स्वागत करते हुए बालिका जन्म को उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में 0 से 6 माह तक के बच्चों के लिए स्तनपान, टीकाकरण, पोषण, बालिका शिक्षा एवं संरक्षण से संबंधित जानकारी भी दी गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और अन्य गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। उपस्थित लोगों को बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें समान अवसर देने का संकल्प दिलाया गया।
जिले के सभी प्रखंडों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर बेटी बोझ नहीं, परिवार और समाज की शक्ति है का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, जिला मिशन समन्वयक, अस्पताल प्रबंधक, केंद्र प्रशासक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra