72वीं सीनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप: बिहार की वंदना कुमारी को मिला 'बेस्ट अपकमिंग प्लेयर्स अवार्ड'
भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)।
आंध्र प्रदेश के तिरुपति में संपन्न हुई 72वीं सीनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में बिहार की महिला टीम ने सराहनीय प्रदर्शन किया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाने वाली वैशाली जिले की वंदना कुमारी को चैंपियनशिप का प्रतिष्ठित बेस्ट अपकमिंग प्लेयर्स अवार्ड (सर्वश्रेष्ठ उभरती खिलाड़ी) से नवाजा गया है।
बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए मंगलवार को बताया कि चैंपियनशिप के महिला वर्ग में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बिहार की टीम को देश में 7वां स्थान प्राप्त हुआ है।
वंदना कुमारी के उत्कृष्ट खेल ने राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रेमियों और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। राष्ट्रीय मंच पर 'बेस्ट अपकमिंग प्लेयर्स अवार्ड' से पुरस्कृत होकर बिहार का मान बढ़ाने वाली वंदना कुमारी को बधाई देने वालों का तांता लग गया है।
बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष-सह-बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव, उपाध्यक्ष प्रो. सुहेली मेहता, मिथिलेश कुमार मंडल, डॉ. सुनील कुमार सिंह, सुजय सौरभ और संयुक्त सचिव मिताली मित्रा व राकेश रंजन ने खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इसके साथ ही निदेशक पवन केजरीवाल, संयोजक डॉ. अरुण दयाल, प्रबंधक डॉ. रजनी गंधा, वैशाली जिला सचिव रवि रंजन कुमार, भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम के प्रशिक्षक गौरी शंकर, साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन के गोल्ड मेडलिस्ट दीपक प्रकाश रंजन और राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने भी वंदना कुमारी को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
खेल संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि वंदना की यह सफलता राज्य के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर