विश्व का सबसे बड़ा आदर्श चरित्र का ज्ञानवर्धक ग्रंथ है रामायण : अरुण गोविल

 


-मॉडर्न के 5000 बच्चों ने सामूहिक संगीत में रामायण पाठ कर किया विभोर

नवादा, 23 अगस्त (हि.स.)।तुलसी जयंती सप्ताह के अवसर पर रविवार को नवादा के मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंती नगर परिसर में आयोजित संगीतमय सामूहिक रामायण पाठ में मॉडर्न ग्रुप के करीब 5,000 छात्र-छात्राओं ने एक साथ रामायण की चौपाइयों का संगीतमय पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक भी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन रामानंद सागर के चर्चित रामायण धारावाहिक में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल तथा बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि अरुण गोविल ने कहा कि रामायण विश्व का सबसे बड़ा आदर्श चरित्र और ज्ञानवर्धक ग्रंथ है। रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मनुष्य को बेहतर जीवन जीने और आदर्श चरित्र का निर्माण करने की सीख देने वाला ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि रामानंद सागर ने टेलीविजन धारावाहिक के माध्यम से रामायण को घर-घर तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज भी रामायण के आदर्श समाज और परिवार को सही दिशा देने में सक्षम हैं।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति रामायण का सही तरीके से अध्ययन और उसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करेगा, वह बेहतर इंसान बनने के साथ ईश्वर की प्राप्ति की दिशा में भी आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि अपने संसदीय क्षेत्र में वह करीब पांच लाख घरों तक रामायण पहुंचाने का प्रयास कर चुके हैं। अरुण गोविल ने मॉडर्न ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. अनुज कुमार, सचिव डॉ. शैलेश कुमार, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, रंजीत कुमार और संजय कुमार की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘पांच पांडव’ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर बच्चों को रामायण से जोड़ने वाला आयोजन दुर्लभ है। ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी में संस्कार और आदर्श विचार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रामायण जैसे कार्यक्रमों से सनातन संस्कृति और भारतीय जीवन मूल्यों की जड़ें समाज में और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और परंपरा में चरित्र निर्माण का विशेष महत्व है। बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयासों से भारत एक दिन विश्व गुरु के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

मॉडर्न ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में आदर्श चरित्र का निर्माण करना भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कक्षा दसवीं के हिंदी पाठ्यक्रम में शामिल ‘राम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद’ से रामायण पाठ की शुरुआत कर बच्चों को सीता स्वयंवर तक की कथा से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को रामायण के प्रसंगों के माध्यम से आदर्श जीवन मूल्यों की जानकारी देना है।

कार्यक्रम के दौरान हजारों बच्चों के सामूहिक गायन और वादन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। छात्र-छात्राओं ने फूलों की वर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया, जिससे अरुण गोविल और विजय कुमार सिन्हा भी भावविभोर हो उठे। अरुण गोविल ने कार्यक्रम को अनोखा और अनुकरणीय बताते हुए आयोजकों को बधाई दी। आयोजन ने शिक्षा के साथ संस्कार और चरित्र निर्माण के संदेश को प्रमुखता से सामने रखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन