बेनीपुर राष्ट्रीय लोक अदालत में 662 मामलों का हुआ निपटारा
दरभंगा, 13 सितंबर (हि.स.)।दरभंगा जिला अंतर्गत बेनीपुर व्यवहार न्यायालय बेनीपुर परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 662 मामलों का निपटारा किया गया। इस दौरान विभिन्न मामलों में कुल एक करोड़ चार लाख 36 हजार 82 रुपये के समझौते हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष न्यायाधीश उत्पाद आनंद कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार झा, एसीजेएम रौशन कुमार छापोलिया, एसडीजेएम रोहित कुमार गुप्ता, सिविल जज श्रेया कुशवाहा, एसडीपीओ बासुकीनाथ झा एवं कारा अधीक्षक वीरेंद्र कुमार राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीजे आनंद कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन लोगों की सुविधा के लिए किया जाता है। इसका उद्देश्य आपसी समझौते के माध्यम से मामलों का त्वरित निष्पादन कर समाज में शांति एवं भाईचारा कायम करना है। उन्होंने पक्षकारों से आपसी सहमति से मामलों का निपटारा कराने की अपील की।
बेंच संख्या एक पर विशेष न्यायाधीश आनंद कुमार सिंह एवं पैनल अधिवक्ता रौशन मिश्र ने 40 आपराधिक मामलों, एसबीआई के ऋण से संबंधित 56 तथा बिहार ग्रामीण बैंक के 145 मामलों का निपटारा कराया। इन मामलों में 82 लाख 95 हजार 610 रुपये के समझौते हुए।
बेंच संख्या दो पर एसीजेएम रौशन कुमार छापोलिया एवं पैनल अधिवक्ता अरुण कुमार महतो ने 16 आपराधिक, विद्युत विभाग के 16 तथा माप-तौल से संबंधित छह मामलों का निपटारा कराया। इसमें एक लाख दो हजार रुपये का समझौता हुआ। वहीं ट्रैफिक चालान से संबंधित 244 मामलों का भी निपटारा किया गया, जिसमें चार लाख 31 हजार 300 रुपये जमा हुए।
बेंच संख्या तीन पर एसडीजेएम रोहित कुमार गुप्ता एवं पैनल अधिवक्ता नवाज अहमद ने 26 आपराधिक एवं विद्युत विभाग के तीन मामलों का निपटारा कराया। इसमें 34 हजार रुपये का समझौता हुआ। इसी बेंच पर ग्राम कचहरी के 31 मामलों का भी निष्पादन किया गया।
बेंच संख्या चार पर सिविल जज श्रेया कुशवाहा एवं पैनल अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्र ने 26 आपराधिक, विद्युत विभाग के नौ, पंजाब नेशनल बैंक के 10, सेंट्रल बैंक के 27, बैंक ऑफ इंडिया के तीन तथा दूरसंचार विभाग के चार मामलों का निपटारा कराया। इन मामलों में 15 लाख 51 हजार 76 रुपये के समझौते हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra