बेनीपुर विधायक ने सदन में उठाई कांवरिया पथ निर्माण की मांग

 

पटना, 25 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बेनीपुर विधायक प्रो विनय कुमार चौधरी ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से विभिन्न कांवरिया पथों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग उठाई। उन्होंने सरकार से इन पथों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने का अनुरोध किया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके।

विधायक चौधरी ने सदन को अवगत कराया कि बेगूसराय जिले के सिमरिया धाम से मधुबनी जिले के पंडौल स्थित उगना महादेव भवानीपुर तक बड़ी संख्या में कांवरिया गंगाजल अर्पित करने जाते हैं। कांवरिया सिमरिया से रोसड़ा, बहेड़ा और बहेरी होते हुए भवानीपुर पहुंचते हैं। इसी प्रकार कहलगांव एवं बटेश्वर स्थान से घोंघा होते हुए बासुकीनाथ, पुनपुन नदी घाट से बैजू धाम (प्रखंड गूरुआ, गया) तक तथा सोनपुर से मुजफ्फरपुर गरीबनाथ स्थान तक नए कांवर पथ के निर्माण की आवश्यकता उन्होंने बताई।

उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर वर्तमान में भारी वाहनों का आवागमन रहता है, जिससे हजारों की संख्या में यात्रा करने वाले कांवरियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस संदर्भ में उन्होंने सुल्तानगंज से देवघर तक बने कांवरिया पथ के तर्ज पर अन्य प्रमुख मार्गों पर भी अलग से कांवर पथ विकसित करने की मांग की। मामले पर विभागीय मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra