जमीन विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, पिता की हालत गंभीर, एक गिरफ्तार
भागलपुर, 28 जून (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए कथित जानलेवा हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पीड़ित ने जगदीशपुर थाना में आवेदन देकर 11 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मायागंज अस्पताल में इलाजरत घायल मनोज पासवान के परिजन ने रविवार को बताया कि परिवार का जमीन विवाद कई वर्षों से चल रहा है।
आरोप है कि इसी विवाद को लेकर उनके चाचा ने अपने रिश्तेदारों को बुलाकर मनोज पासवान और उनके पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला करवा दिया। परिजन का कहना है कि आरोपी चारपहिया वाहन से पहुंचे और अचानक हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल के दूसरे पुत्र ने बताया कि घटना के बाद जब वे जगदीशपुर थाना पहुंचे तो उन्हें पहले घायलों का इलाज कराने की सलाह दी गई। इसके बाद उपचार के उपरांत थाना में आवेदन दिया गया, जिसमें 11 लोगों को नामजद किया गया है।
परिजन के अनुसार अब तक इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। वर्तमान में मनोज पासवान का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं उनके पुत्र का भी उपचार जारी है घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत और गहरा सदमा है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने की अपील की है। मामले में जगदीशपुर पुलिस छानबीन में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर