बालू माफिया पर मारपीट के आराेप में थाने में दिया आवेदन

 


भागलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में बालू माफियाओं द्वारा मारपीट किए जाने को लेकर पीड़ित ने गुरुवार को थाना में लिखित आवेदन दिया है। उल्लेखनीय है कि लखनऊ जेल से करीब एक वर्ष बाद छूटकर आए कथित बालू माफिया बबलू बिंद पर एक परिवार के साथ मारपीट और घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगा है। इस घटना में लड़की के पिता बुरी तरह घायल हो गए, जिनका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।

घायल की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि उनके गांव में रहने वाला बबलू बिंद हाल ही में लखनऊ जेल से छूटकर आया है। जेल से आने के बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ गांव में फिर से दबंगई और दादागिरी दिखा रहा है बताया जा रहा है कि परिवार की एक लड़की घर से बाहर कुछ सामान लेने के लिए गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद बबलू बिंद और उसके कुछ साथियों ने लड़की को देखकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। लड़की किसी तरह वहां से घर पहुंची और उसने पूरी घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। जब लड़की के पिता ने इस बात का विरोध किया और आरोपियों से सवाल किया, तो आरोप है कि बबलू बिंद अपने कई साथियों के साथ उनके घर में घुस गया। इसके बाद सभी ने मिलकर परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस हमले में लड़की के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पत्नी सरिता देवी का कहना है कि इससे पहले भी बबलू बिंद के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उन्हें आशंका है कि उसी का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया है। घटना के बाद परिजन ने स्थानीय पुलिस को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं घायल व्यक्ति को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पूरा परिवार भय और सदमे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में दबंगों के कारण आम लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर