बेतिया रेलवे यात्रियों की राह में बाधा बने होर्डिंग पर जीएम सख्त, हटाने का दिया निर्देश

 


बेतिया, 18 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मध्य रेल की महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने बुधवार को बेतिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म के सामने यात्रियों के आवागमन के रास्ते में लगे विज्ञापन होर्डिंग देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल उन्हें हटाकर दूसरे स्थान पर लगाने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही में किसी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जीएम ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता और अन्य यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। छठ महापर्व के बाद घर लौट रहे यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए उन्होंने भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही अस्थायी होल्डिंग एरिया का निरीक्षण कर वहां कम भीड़ रहने का कारण पूछा।

इस दौरान डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा समेत कई वरीय रेल अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक