बेतिया में बस की टक्कर से बाइक और स्कूटी सवार दो लोगों की मौत, एक युवती घायल
बेतिया, 18 नवंबर (हि.स.)। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर बाघमरवा चौक के समीप बुधवार दोपहर शिवदानी बस की चपेट में आने से बाइक और स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई।
मृतकों की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सिसई निवासी 17 वर्षीय रवि कुमार और चनपटिया थाना क्षेत्र के जैतिया पुरवारी टोला निवासी 65 वर्षीय कमल शर्मा के रूप में हुई है।
रवि लौरिया में अपने फूफा के घर रहकर 12वीं की पढ़ाई करता था। वह अपनी बहन खुशी कुमारी के साथ बाइक से बेतिया जा रहा था। इसी दौरान बस की टक्कर से दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए। खुशी को हल्की चोट आई। वहीं, स्कूटी से बेतिया जा रहे कमल शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कमल शर्मा को मृत घोषित कर दिया। रवि की भी हादसे में जान चली गई।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक