किशनगंज के चार प्रखंडों में बीडीओ का तबादला, ठाकुरगंज व पोठिया को मिले नए अधिकारी

 

किशनगंज, 01 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीण विकास विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किशनगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) का तबादला किया है।

विभागीय आदेश के तहत ठाकुरगंज और पोठिया प्रखंड को नए बीडीओ मिले हैं, जबकि कोचाधामन और बहादुरगंज के बीडीओ का दूसरे जिलों में स्थानांतरण किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, पूर्णिया जिले के कृत्यानंदनगर प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ आशीष कुमार को ठाकुरगंज प्रखंड का नया प्रखंड विकास पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं कटिहार जिले के आजमनगर में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारी खालिदा जिया को पोठिया प्रखंड की नई बीडीओ नियुक्त किया गया है।

दोनों अधिकारियों को अविलंब नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इधर, कोचाधामन के बीडीओ निशांत कुमार का तबादला सुपौल सदर प्रखंड कर दिया गया है। बहादुरगंज के बीडीओ मोहन कुमार सिंह को सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड भेजा गया है। इसके अलावा किशनगंज में एपीओ के पद पर कार्यरत सुशील कुमार को प्रोन्नति देते हुए अरवल जिले के कलेर प्रखंड का बीडीओ बनाया गया है।

ग्रामीण विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पद का प्रभार सौंपकर विरमित होंगे। साथ ही जुलाई 2026 का वेतन नए पदस्थापन स्थल से ही आहरित किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सभी नए अधिकारियों के इस सप्ताह के अंत तक प्रभार ग्रहण करने की संभावना है। नए पदाधिकारियों के आगमन को देखते हुए जिला स्तर पर प्रखंडों की लंबित समीक्षा बैठकों का नया कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है, ताकि जल-जीवन-हरियाली, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह