अनुपस्थित कर्मियों से बीडीओ ने मांगा स्पष्टीकरण
दरभंगा, 15 जुलाई (हि.स.)। दरभंगा जिले के बेनीपुर प्रखंड के विकास पदाधिकारी राहुल कुमार कर्ण ने औचक निरीक्षण के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए कई कर्मियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में संबंधित कर्मियों को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश जारी किया गया है।
बीडीओ ने 14 जुलाई को प्रखंड कार्यालय एवं विभिन्न पंचायतों में कार्यरत कर्मियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डाटा एंट्री ऑपरेटर, लेखापाल सह आईटी सहायक, तकनीकी सहायक तथा कार्यपालक सहायक सहित कई कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले।
बीडीओ ने जारी पत्र में कहा है कि बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहना सेवा अनुशासन का उल्लंघन है, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित होते हैं। सभी संबंधित कर्मियों को 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra