दरौंदा में बैटरी चोरी गिरोह का खुलासा, बेसमेंट से 36 बैटरियां बरामद

 


सीवान, 04 जून (हि.स.)। सीवान जिले के दरौंदा थाने की पुलिस ने लगातार तीन दिनों की छापेमारी के बाद थाना क्षेत्र में टोटो एवं ई-रिक्शा बैटरी चोरी से जुड़े एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है।

दरौंदा थाने के एन एच 531 मुख्य सड़क सूर्या रेस्टोरेन्ट के नीचे एक बंद बेसमेंट से पुलिस ने 36 बैटरियां, 218 बैटरी टिप्पी तथा तारों के कटे हुए टुकड़े बरामद किए हैं।

मामले में पुलिस ने सिरसाव पंचायत के मुखिया धनु भारती एवं एक अन्य व्यक्ति रविंद्र कुमार की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की हैं।

पुअनि सूर्य कुमार के आवेदन पर दर्ज किए गए एफआईआर के अनुसार एक जून की रात दरौंदा थाना की गश्ती टीम एनएच-531 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूर्या रेस्टोरेंट के पास बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी पर सवार व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन कोरारी खुर्द के समीप स्कूटी छोड़कर वह अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से बिना नंबर प्लेट की जुपिटर-125 स्कूटी और एक बड़ा पेचकस बरामद किया। इसके बाद जब पुलिस पुनः सूर्या रेस्टोरेंट के पास पहुंची तो एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति भी बेसमेंट के पास से भाग निकला। तलाशी के दौरान बेसमेंट के बाहर आठ बैटरियां, बड़ी संख्या में बैटरी टिप्पी तथा तारों के कटे हुए टुकड़े मिले।

चाबी को लेकर घंटों चला ड्रामा

पुलिस जांच में पता चला कि बेसमेंट भवन मालिक एवं सिरसाव पंचायत के मुखिया धनु भारती के अधीन है। पुलिस ने मुखिया से बेसमेंट खुलवाने को कहा, जिसके बाद उनके परिजन चाबी लेकर पहुंचे। हालांकि काफी देर तक सही चाबी नहीं मिलने की बात कही जाती रही। बाद में मुखिया के परिजनों की मौजूदगी में बेसमेंट का ताला तोड़कर तलाशी ली गई।

अंदर मिला बैटरियों का जखीरा

तलाशी के दौरान बेसमेंट के अंदर से ईस्टमैन कंपनी की 18, लीडर कंपनी की चार, अमरॉन कंपनी की पांच तथा ओकाया मैक्स राइडर कंपनी की एक बैटरी बरामद हुई। सभी बैटरियों का तेजाब निकाला जा चुका था और उनमें टिप्पी नहीं लगी थी। बाहर बरामद आठ बैटरियों को मिलाकर कुल 36 बैटरियां जब्त की गईं। इसके अलावा 218 बैटरी टिप्पी और तारों के कटे हुए टुकड़े भी बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि पिछले कई महीनों से थाना क्षेत्र में टोटो एवं ई-रिक्शा बैटरी चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। बरामद सामान और घटनास्थल की परिस्थितियों से चोरी के संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है।

दो लोगों पर संलिप्तता का आरोप

जांच के बाद पुलिस ने मुखिया धनु भारती तथा रविंद्र कुमार की संलिप्तता की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार रविंद्र कुमार के पास बेसमेंट की चाबी होने की जानकारी मिली थी, लेकिन सूचना मिलने के बाद वह मोबाइल बंद कर फरार हो गया। पुलिस फरार संदिग्धों एवं चोरी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma