जोगबनी सीमा पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ तस्कर गिरफ्तार
अररिया 30 सितम्बर(हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 56वीं वाहिनी की एफ समवाय जोगबनी के जवानों ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाईयों के खेप को जब्त किया।भारत-नेपाल सीमा के पास से जोगबनी टिकुलिया बस्ती से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप,नशे की दवाईयों के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी 56 वीं वाहिनी की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि रूटीन गश्ती के दौरान जोगबनी टिकुलिया बस्ती सीमा स्तंभ संख्या 180 के समीप भारतीय क्षेत्र में लगभग दस मीटर अंदर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उनकी तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप और प्रतिबंधित दवाईयां बरामद की गई।तस्कर के पास से दस हजार के नेपाली करेंसी,साइकिल और एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार नशे के कारोबार में संलिप्त है और जोगबनी हाजी मुहल्ला का रहने वाला 35 वर्षीय मो. लालू पिता मो.इदरीश है।
पूछताछ के दौरान आरोपित युवक ने स्वीकार किया कि वह सीमा पार दवाओं की खेप पहुंचाने के लिए बतौर कैरियर काम कर रहा था। वह इस प्रतिबंधित सामग्री को बथनाहा निवासी सज्जाद से लेकर नेपाल स्थित दिलीप चौधरी को सौंपने जा रहा था।
जब्त की गई सभी प्रतिबंधित दवाई और अन्य सामग्रियों के साथ गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु एसएसबी ने जोगबनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर