छुट्टी के दिन भी खुले बैंक, काले कपड़ों में ड्यूटी पर पहुंचे कर्मी
किशनगंज, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले में रविवार को सभी प्रमुख बैंकों की शाखाएं सामान्य दिनों की तरह खुली रहीं और बैंकिंग कार्य हुआ। एसबीआई समेत शहर की विभिन्न बैंक शाखाओं में ग्राहकों के लेन-देन सहित अन्य बैंकिंग कार्य किए गए। हालांकि रविवार होने के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा ग्राहकों की भीड़ कम रही।
तीन दिवसीय प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए कई व्यापारी भी बैंकिंग संबंधी कार्य निपटाने पहुंचे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए रविवार को बैंक खोलने का आदेश जारी किया गया था।
बैंक शाखाएं खुली रहने के बावजूद कर्मियों ने इसका विरोध अलग अंदाज में किया। एसबीआई सहित विभिन्न बैंकों के कर्मचारी काले कपड़े पहनकर ड्यूटी पर पहुंचे।कर्मियों ने काली पोशाक पहनकर काम करते हुए छुट्टी के दिन बैंक खोलने के निर्णय के प्रति विरोध जताया।
यूएफबीयू के जिला सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि रविवार को अवकाश के दिन बैंक खोलने के आदेश का बैंक कर्मियों ने विरोध किया है। उन्होंने बताया कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में निर्णय नहीं लिया गया है। इसी मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है।
बैंक ऑफ बड़ौदा के कर्मी विक्की दास ने कहा कि एलआईसी समेत कई वित्तीय संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू है। बैंकिंग क्षेत्र में भी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह