बांकीपुर में राजग के प्रति एकतरफा जनसमर्थन: उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 28 जुलाई (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवर को बयान जारी कर कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव एनडीए के लिए हार-जीत का नहीं, बल्कि पिछली बार की तुलना में जीत का अंतर और अधिक बढ़ाने का चुनाव है। वहीं, विपक्षी दलों के लिए यह चुनाव केवल दूसरे स्थान के लिए संघर्ष बनकर रह गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के पास बांकीपुर की जनता के लिए न कोई स्पष्ट विजन है और न ही विकास का कोई ठोस एजेंडा। वे केवल झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे मतदाताओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनका नकारात्मक मंसूबा पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।
उन्होंने कहा कि पूरे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए के पक्ष में एकतरफा जनसमर्थन दिखाई दे रहा है और पूरे चुनावी अभियान में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला है। यह साफ-साफ संकेत है कि एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा अब तक के सभी जीत के रिकाॅर्ड तोड़ते हुए ऐतिहासिक बहुमत से विजय प्राप्त करेंगे।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि एनडीए ने एक साधारण कार्यकर्ता को विधानसभा का उम्मीदवार बनाकर कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है, जिससे कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार हुआ और एनडीए का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ चुनावी जनसंपर्क अभियान में जुटा रहा।
उन्होंने कहा कि एनडीए का वैचारिक और व्यवहारिक गठबंधन चट्टानी एकता की तरह मजबूत है। यही कारण है कि पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटों पर ऐतिहासिक जीत प्राप्त की थी और विपक्ष का पूरी तरह से सफाया हो गया था।
उन्हाेंने कहा नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्यों से बांकीपुर की जनता भली-भांति परिचित है। इसलिए विपक्ष जितना भी भ्रम फैलाने का प्रयास कर ले, उसे इसका कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला नहीं है। उनका सूपड़ा साफ होना तय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी