बिहार के बांकीपुर में भाजपा को फर्जी मतदान की आशंका, निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र

 


पटना, 30 जुलाई (हि.स.)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए चल रहे मतदान के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फर्जी वोटिंग की आशंका जताते हुए निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है। पार्टी ने मांग की है कि प्रत्येक मतदाता की पहचान का सख्ती से सत्यापन किया जाए।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने निर्वाची पदाधिकारी 182- बांकीपुर विधानसभा को भेजे गए पत्र में कहा है कि यह जानकारी मिली है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोट डालकर मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता को भंग करने का प्रयास कर रहे हैं। इस प्रकार की गतिविधियां लोकतंत्र के मूलभूत सिद्धांतों को कमजोर करती हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता के विपरीत हैं।

उन्होंने कहा है कि धांधली रोकने और मतदान प्रक्रिया की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग और मतदान अधिकारी सत्यापन प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू कराने की व्यस्था करें। विशेष रूप से, प्रत्येक मतदाता को अपना मूल मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी आईडी) प्रस्तुत करना अनिवार्य होना चाहिए। मतदान करने से पहले आधिकारिक मतदाता सूची से उनकी पहचान का सावधानीपूर्वक मिलान जरूर किया जाना चाहिए। पार्टी का कहना है कि पहचान की पुष्टि होने के बाद ही किसी मतदाता को मतदान की अनुमति दी जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त