केले की फसल को पनामा विल्ट रोग से बचाने के लिए कृषि विभाग ने जारी की एडवाइजरी, समय पर पहचान व वैज्ञानिक प्रबंधन की अपील
कटिहार, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले के केला उत्पादक किसानों की आय को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने 'पनामा विल्ट' (फ्यूजेरियम विल्ट) रोग से बचाव को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार ने रविवार को किसानों से अपील की है कि वे केले के बागानों का नियमित निरीक्षण करें और रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई देते ही वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक गंभीर मृदाजनित फफूंद रोग है, जो संक्रमित मिट्टी, कृषि यंत्रों और रोगग्रस्त सकर (पौध सामग्री) के माध्यम से तेजी से फैलता है, इसलिए समय पर रोकथाम ही फसल को बचाने का सबसे कारगर उपाय है।
एडवाइजरी के अनुसार, इस रोग की शुरुआत में पौधे की निचली पत्तियां किनारों से पीली पड़ने लगती हैं और डंठल कमजोर होकर तने के चारों ओर छतरीनुमा लटक जाते हैं। गंभीर अवस्था में तने में दरारें पड़ जाती हैं तथा तने या प्रकंद को काटने पर अंदर लाल-भूरे रंग की धारियां दिखाई देती हैं। डीएओ ने सलाह दी है कि गंभीर रूप से संक्रमित पौधे को बिना खेत में घसीटे जड़ सहित उखाड़कर नष्ट कर दें और खाली गड्ढे में 500 ग्राम से एक किलो बुझा हुआ चूना डालकर मिट्टी से बंद कर दें।
रोकथाम के लिए किसानों को रोगमुक्त टिश्यू कल्चर पौधों का उपयोग करने, खेत में जलजमाव न होने देने तथा सड़ी गोबर की खाद के साथ ट्राइकोडर्मा व स्यूडोमोनास फ्लोरेसेंस जैसे जैव एजेंटों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञों की देखरेख में स्वस्थ एवं शुरुआती लक्षण वाले पौधों की जड़ों के पास कार्बेन्डाजिम या थियोफैनेट मिथाइल के घोल से मिट्टी में ड्रेंचिंग करने तथा गंभीर रूप से संक्रमित खेतों में धान जैसी वैकल्पिक फसल अपनाने का सुझाव दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह