बलुआ–बैसी मुख्य मार्ग पर खतरनाक रेन कट से हादसे का खतरा, विभाग बेपरवाह

 


सुपौल, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र के बलुआ–बैसी मुख्य मार्ग पर गुरधरिया पंचायत के वार्ड -1 स्थित मिर्चेया नदी पुल के पश्चिमी छोर पर सड़क का बड़ा हिस्सा बारिश के कारण कट जाने से गहरा रेन कट बन गया है।

इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के सामने हर समय दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। यह सड़क क्षेत्र का एक प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क का लगभग आधा हिस्सा कट जाने के कारण वाहनों को बेहद सावधानी से गुजरना पड़ रहा है।

रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही बैरिकेडिंग या सुरक्षा की अन्य व्यवस्था की गई है। स्थानीय ग्रामीण रंजीत कुमार मंडल, दीपेश कुमार उर्फ गुड्डू, मनोज पटेल, प्रमोद मेहता, रंजीत मेहता, मनोज मेहता, उमेश सिंह, सुभाष सिंह, पवन मेहता एवं धीरज मेहता ने बताया कि यदि जल्द ही कटाव रोकने और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

उनका कहना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क का कटाव बढ़ता जा रहा है, लेकिन संबंधित विभाग अब तक पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे लोगों में नाराजगी है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, कटावरोधी कार्य शुरू करने तथा चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग जैसी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे से पहले ही स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र