बलरामपुर सीएचसी का डीएम ने किया निरीक्षण, चहारदीवारी व ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश

 


कटिहार, 18 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बलरामपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए परिसर के चारों ओर चहारदीवारी बनवाने और निर्बाध बिजली के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही, सुदूर क्षेत्र होने के कारण यहां अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती का आश्वासन भी दिया है।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने अस्पताल की सुरक्षा व व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि अस्पताल में सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अविलंब ट्रांसफार्मर लगाया जाए। अस्पताल के भौगोलिक रूप से दूरस्थ इलाके में होने के कारण डॉक्टरों की कमी पर संज्ञान लेते हुए, जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार से यहां अतिरिक्त चिकित्सकों की पोस्टिंग के लिए विशेष अनुरोध किया जाएगा।

मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम जनों को विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य महकमे में व्यापक सुधार और ग्रामीण स्तर तक लोगों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह