विक्रमशिला सेतु पर बीस दिनों में बनेगा बेली ब्रिज, युद्धस्तर पर जुटी बीआरओ की टीम
भागलपुर, 13 मई (हि.स.)। भागलपुर का लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने से थमी शहर की रफ्तार अब जल्द पटरी पर लौटने वाली है और यातायात संकट को दूर करने के लिए सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ ने मोर्चा संभाल लिया है।
बीआरओ की 100 विशेषज्ञों वाली टीम मंगलवार देर रात भागलपुर पहुंच गई और युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। विशेषज्ञों के मुताबिक सेतु पर बनाया जाने वाला अस्थायी बेली ब्रिज अगले 20 दिनों के भीतर तैयार कर लिया जाएगा। इस बेली ब्रिज की लंबाई 49 मीटर और चौड़ाई 5 मीटर होगी।
इसके बनते ही सेतु पर हल्के वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हो सकेगा। जिससे रोजाना हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और नाव के सहारे जोखिम भरे सफर से मुक्ति मिलेगी। निर्माण कार्य की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सेतु पर आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी है।
पुल के दोनों सिरों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि सुरक्षा और गोपनीयता बनी रहे। बीआरओ की टीम ने काम शुरू करने से पहले क्षतिग्रस्त हिस्से की हाई-टेक फोटोग्राफी की है। हर एंगल से तस्वीरें लेकर तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि लोहे की प्लेटें पूरी सटीकता के साथ बिछाई जा सके।
अधिकारियों के अनुसार तकनीकी सर्वे पूरा होते ही भौतिक निर्माण कार्य तेज कर दिया जाएगा। अब लोगों की निगाहें इस बेली ब्रिज पर टिकी हैं, जिससे भागलपुर और आसपास के इलाकों की यातायात व्यवस्था फिर सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर