बगहा विधायक ने रतवाल चौक से चखनी एनएच-727 तक सड़क चौड़ीकरण की उठाई मांग
बगहा,20फरवरी(हि.स.)। बगहा विधानसभा क्षेत्र के रतवाल चौक से चखनी एनएच-727 तक सड़क चौड़ीकरण करने के लिए बगहा विधायक राम सिंह ने विधान सभा के सदन में बिहार सरकार से मांग की है। राम सिंह ने बताया है कि विधानसभा में क्षेत्र की जर्जर सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाया, रतवाल चौक से चखनी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 727 (एनएच-727) तक सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की मांग की है।
विधायक राम सिंह ने कहा कि उक्त सड़क मार्ग क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क की स्थिति जर्जर होने के कारण आमजन को काफी परेशानी का सामना करनी पड़ रही है। बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। रतवाल चौक से चखनी होते हुए एनएच-727 तक सड़क का शीघ्र सर्वे कराकर चौड़ीकरण के साथ उच्च गुणवत्ता का मजबूतीकरण कार्य कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
विधायक ने कहा कि सड़क के सुदृढ़ होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे बगहा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास की गति मिलेगी।सरकार की ओर से मामले पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया है। स्थानीय लोगों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी