नाली निर्माण योजना में कथित वित्तीय अनियमितता, प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश

 

पश्चिम चम्पारण (बगहा),28अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम चंपारण जिला के बगहा-एक प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज महिपुर भतौड़ा में नाली निर्माण योजना में कथित वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है।

अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बगहा ने योजना में गड़बड़ी से जुड़े आरोपों के मद्देनजर मुखिया, तत्कालीन पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, लेखापाल, मेठ और सामग्री आपूर्तिकर्ता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया है।

अहिरवलिया निवासी रमेश प्रसाद की शिकायत पर हुई सुनवाई में वार्ड संख्या छह में लालबाबू यादव के घर से स्वर्गीय नेउर राम के घर तक नाली निर्माण की जांच की गई। आदेश में योजना के अभिलेखों में कथित अनियमितताओं, मजदूरी भुगतान के पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने तथा निर्माण सामग्री की आपूर्ति से संबंधित प्रमाण प्रस्तुत नहीं किए जाने का उल्लेख है।

आदेश के अनुसार, मास्टर रोल में दर्ज कुछ मजदूर पंचायत के निवासी नहीं पाए गए। कुछ के दूसरे स्थानों पर काम करने की जानकारी भी जांच में सामने आई। इसके बावजूद उनके नाम पर कथित मजदूरी भुगतान का स्पष्ट प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया। स्थल जांच में नाली के कुछ स्लैब क्षतिग्रस्त और जलजमाव की स्थिति भी पाई गई।

लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने और सरकारी कर्मियों के खिलाफ आरोप पत्र गठित कर वरीय अधिकारियों को भेजने का निर्देश दिया है। साथ ही मुखिया के कार्यकाल में संचालित योजनाओं की जिला स्तरीय जांच की अनुशंसा की गई है। आरोपों की अंतिम पुष्टि संबंधित जांच और कानूनी प्रक्रिया के अधीन होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी