बक्सर में राज्य स्तरीय सब-जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य समापन

 


बक्सर, 24 जुलाई (हि.स.)।

बिहार राज्य बैडमिंटन संघ के तत्वावधान एवं जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर के सहयोग से इंडोर बैडमिंटन हॉल (डंडोर स्टेडियम) में आयोजित 102वीं बिहार सब-जूनियर (अंडर-13 एवं अंडर-15) राज्य रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथियों ने विभिन्न वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिला पदाधिकारी साहिला ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए जिला बैडमिंटन संघ एवं आयोजन समिति को बधाई दी। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में पटना, मुंगेर और गया के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। अंडर-13 गर्ल्स सिंगल्स में पटना की गार्गी आर्या विजेता तथा इशनवी सिंह उपविजेता रहीं। अंडर-13 बॉयज सिंगल्स में पटना के अमूल कुमार ने मोतिहारी के ओजस पांडे को हराकर खिताब जीता। अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स में गया की नेहा कुमार ने पटना की तनुजा आर्या को पराजित किया, जबकि अंडर-15 बॉयज सिंगल्स में मुंगेर के मोहम्मद असदुल्लाह विजेता और पटना के कृष्णा कुमार उपविजेता रहे। अंडर-13 बॉयज डबल्स में अमूल कुमार और किसलय कुमार की पटना की जोड़ी ने कृष्णा (बेतिया) और ओजस पांडे (मोतिहारी) की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया।

समापन अवसर पर आयोजन में सहयोग देने वाले विभागों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों, पुलिस प्रशासन, चिकित्सकीय दल एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra