बक्सर में बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, 5 प्रखंडों के 24 गांवों के लोग प्रभावित

 


बक्सर, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वर्तमान में जिले के 5 प्रखंडों की 12 पंचायतों के 24 गांव प्रभावित हैं और करीब 9,989 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 36 नावों का परिचालन किया जा रहा है, जबकि 4 बोट एंबुलेंस उपलब्ध हैं। अब तक 853 पॉलीथिन शीट का वितरण किया जा चुका है तथा एसडीआरएफ की टीमों को भी तैनात रखा गया है।

बाढ़ की स्थिति और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा को लेकर रविवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में प्रभारी सचिव बक्सर सह सचिव ऊर्जा विभाग अजय यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी अंचलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहने को कहा गया।

बैठक में आवश्यकता के अनुसार सामुदायिक रसोई शुरू करने, बाढ़ प्रभावित फसलों का क्षति आकलन करने तथा पशुपालकों के लिए पर्याप्त पशुचारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाएं, हैलोजन टैबलेट और एंटी-वेनम उपलब्ध रखने तथा जरूरत पड़ने पर बोट एंबुलेंस संचालित करने को कहा गया। बाढ़ नियंत्रण विभाग को फ्लड फाइटिंग की सभी तैयारियां पूरी रखने के साथ आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया।

वहीं, जिला पदाधिकारी साहिला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गंगा के जलस्तर और तटबंधों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है तथा तटबंधों की सुरक्षा के लिए लगातार पेट्रोलिंग हो रही है। प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री और सूखा राशन किट का वितरण जरूरत के अनुसार किया जाएगा। मेडिकल टीमों को आवश्यक दवाओं के साथ तैयार रखा गया है।

जिला पदाधिकारी ने लोगों से घबराने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के 06183-223333 नंबर पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra