पहली सोमवारी पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर डीएम-एसपी ने बाबा भीमशंकर धाम का किया निरीक्षण

 




सुपौल, 02 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास की पहली सोमवारी को लेकर राघोपुर प्रखंड के प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर महादेव स्थान, धरहारा में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने मंदिर परिसर पहुंचकर पहली सोमवारी की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाबा भीमशंकर महादेव मंदिर, विष्णु मंदिर, शिवगंगा, कुआं, मुख्य प्रवेश द्वार, निकासी द्वार, मां बाबूजी धर्मशाला समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, कतार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।

मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष सह एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार, इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी, बीडीओ सत्येन्द्र कुमार, मंदिर समिति की उपाध्यक्ष सह अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, मंदिर समिति के सचिव संजीव कुमार यादव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि श्रावणी महोत्सव प्रारंभ हो चुका है और यह पूरे एक माह तक चलेगा। सोमवार को श्रावण मास की पहली सोमवारी होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरे परिसर में व्यवस्था बनी रहे।

भीड़ नियंत्रण और सुगम दर्शन के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। पहली बार श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। एक द्वार से श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश कर पूजा करेंगे, जबकि दूसरे द्वार से बाहर निकलेंगे। इससे भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित रहेगी।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन एवं मंदिर प्रशासन द्वारा निर्धारित प्रवेश और निकास मार्ग का पालन करें। इससे न केवल व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी, बल्कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगमता के साथ पूजा-अर्चना का अवसर भी मिलेगा।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रावण मास की पहली सोमवारी को लेकर बाबा भीमशंकर महादेव स्थान में भक्तों के उत्साह का माहौल है।

प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा की गई तैयारियों के बीच हजारों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मंदिर में सोमवारी को लेकर पुलिस पदाधिकारी सहित महिला पुरुष बल 200 करीब तैनात किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र