बाबा भीम शंकर मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान, डीएम ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

 


सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड राघोपुर अंतर्गत धरहरा स्थित बाबा भीम शंकर मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी, सुपौल सावन कुमार, भा.प्र.से. के नेतृत्व में आयोजित अभियान में पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मंदिर परिसर की साफ-सफाई की। अभियान के दौरान मंदिर परिसर में जमा कचरे एवं गंदगी को हटाकर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने घर, कार्यस्थल तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की। स्वच्छता अभियान के साथ मंदिर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

जिलाधिकारी सावन कुमार एवं उप विकास आयुक्त, सुपौल सहित अन्य पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की बुनियाद है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाए तो सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र