बीएसएपी दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट महिला जवानों को किया गया सम्मानित

 


सुपौल, 05 जुलाई (हि.स.)।

जिले के भीमनगर स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की 12वीं बटालियन परिसर में आयोजित दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह महिला शक्ति, अनुशासन और समर्पण का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।

समारोह के दौरान प्रशिक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला जवानों को सम्मानित किया गया, वहीं सुरक्षा एवं प्रशासनिक सेवाओं में योगदान देने वाले अधिकारियों को भी मंच से सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का सबसे खास क्षण तब आया, जब कटिहार की प्रशिक्षु महिला जवान कल्पना कुमारी को 16 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।

कल्पना ने कक्षागत प्रशिक्षण में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई। पूर्णिया जिला बल की मोती कुमारी को कक्षागत प्रशिक्षण में बेहतर अंक हासिल करने के लिए सम्मानित किया गया, जबकि मेघा कुमारी को उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके अलावा कई अन्य महिला प्रशिक्षुओं को भी प्रशिक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान एसएसबी के उपकमांडेंट सुमन सौरभ, वीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार तथा भीमनगर कस्टम सुपरिटेंडेंट को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और कर्तव्यनिष्ठा ही सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाती है।

कार्यक्रम के समापन से पूर्व बीएसएपी की 12वीं और 15वीं बटालियन के कमांडेंटों को सफल आयोजन के लिए डीआईजी द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने महिला जवानों की नई टुकड़ी को अनुशासन, साहस और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया। समारोह की शुरुआत बीएसएपी 12वीं बटालियन के कमांडेंट शशि शंकर कुमार द्वारा डीआईजी डॉ. कुमार आशीष का बुके और पौधा भेंट कर स्वागत करने से हुई।

कार्यक्रम में एसएसबी की 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंत में कमांडेंट शशि शंकर कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह के सफल समापन की घोषणा की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र