लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हुआ बाल संसद और मीना मंच का गठन
अररिया 28 जुलाई(हि.स.)। फारबिसगंज के मध्य विद्यालय घीवहा में मंगलवार को प्रधानाध्यापक प्रदीप शर्मा की अध्यक्षता में बाल संसद एवं मीना मंच का गठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर विभिन्न पदों के लिए अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया। मतगणना के बाद छोटू कुमार को प्रधानमंत्री, प्रिया कुमारी को उप प्रधानमंत्री, मधु कुमारी को शिक्षा मंत्री, सीता कुमारी को स्वास्थ्य मंत्री, राजा कुमार को पुस्तकालय मंत्री तथा सुजीत कुमार को जल एवं कृषि मंत्री चुना गया। वहीं प्रतिभा कुमारी को हेड गर्ल बनाया गया।
अन्य पदों पर भी छात्रों का चयन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया गया।प्रधानाध्यापक प्रदीप शर्मा ने कहा कि बाल संसद के गठन का उद्देश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी की भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और मताधिकार के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों एवं दायित्वों की जानकारी देते हुए विद्यालय के अनुशासन एवं विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष फूलन देवी, सचिव मीरा रानी दास तथा शिक्षक सचिन कुमार रजक, प्रभात कुमार प्रवीण, मो. अरमान, राकेश कुमार, विजय कुमार, अनुपम ऋषिदेव एवं रंजन ऋषिदेव सहित विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर