निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराएं शिक्षक निर्वाचन : डीएम

 


बेतिया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में मतदान दलों की ब्रीफिंग हुई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी तरनजोत सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम और पुलिस अधीक्षक, बगहा राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराएं। मतदान समय पर शुरू कराने, मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मतदान केंद्रों पर नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने और निर्धारित परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

उन्होंने मतदान सामग्री का चेकलिस्ट से मिलान, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, मतदाता पहचान पत्रों के सत्यापन और मतदान के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराने पर जोर दिया। एसएसपी ने सुरक्षा में लापरवाही नहीं बरतने, जबकि एसपी ने मतदान कर्मियों को समय पर केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी काजले वैभव नितिन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक