माउंट असीसी स्कूल के पास 4 अक्टूबर को लगेगा आयुष्मान भारत कार्ड शिविर
भागलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)।
लायंस क्लब ऑफ़ भागलपुर रॉयल की एक महत्वपूर्ण कार्यसमिति बैठक गुरुवार को स्थानीय होटल में आयोजित की गई।
इस बैठक में आगामी तीन महीनों में किए जाने वाले सेवा कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की जानकारी देते हुए क्लब की अध्यक्ष शिखा सिंहानिया ने बताया कि सरकार की 'आयुष्मान भारत योजना' का लाभ आम जनता तक पहुँचाने के लिए क्लब द्वारा एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों से आह्वान किया है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपना आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने के लिए आवेदन करें। शिविर के संयोजक प्रीतम कुमार ने बताया कि इस शिविर का आयोजन आगामी रविवार किया जाएगा।
शिविर का स्थान माउंट असीसी स्कूल (जूनियर सेक्शन) के समीप स्थित 'इंटेलिजेंट्सिया किड्स प्ले स्कूल' तय किया गया है। संयोजक ने नियमों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आवेदन करने के लिए केवल अपने आधार कार्ड की आवश्यकता होगी। 70 वर्ष से कम आयु के लोगों के लिए आवेदन के समय राशन कार्ड की उपलब्धता अनिवार्य रहेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान वैभव बजाज, विनोद कुमार साह, प्रथम उपज़िलापाल अविनाश कुमार, पूर्व ज़िलापाल अनुपम सिंहानिया, रितेश सहेला, अभिषेक बाजोरिया और ब्रजेश अग्रवाल सहित क्लब के कई अन्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर