आयुष्मान भारत योजना में सीवान के छह निजी अस्पताल सूचीबद्ध, एक का आवेदन खारिज

 


सीवान, 10 जुलाई (हि.स.)।आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला इम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक में छह निजी अस्पतालों को योजना के तहत सूचीबद्ध (इम्पैनल) करने की मंजूरी दी गई। जबकि एक अस्पताल का आवेदन आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के अभाव में खारिज कर दिया गया।

बैठक में विमर्श हॉस्पिटल, आदर्श मल्टीस्पेशलिटी सेंटर, न्यू विष्णु शिवनारायण नर्सिंग होम, मार्क हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, महावीर मेडिकल सेंटर तथा सिवान सिटी हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध करने का निर्णय लिया गया। इससे जिले के पात्र लाभार्थियों को इन अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकेगी। वहीं आदर्श सेवा क्लिनिक के पास आवश्यक मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने के कारण जिला इम्पैनलमेंट कमेटी ने उसके आवेदन को अस्वीकार कर दिया।

बैठक में आयुष्मान भारत के एच्ईएम पोर्टल पर प्राप्त नए आवेदनों की भी समीक्षा की गई। समिति ने लखीचंद हॉस्पिटल के आवेदन पर भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा रंजन चिकित्सालय के एमओयू के नवीनीकरण के लिए भी भौतिक सत्यापन कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत केवल उन्हीं अस्पतालों को सूचीबद्ध किया जाएगा, जो सरकार द्वारा निर्धारित सभी मानकों और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को पूरा करेंगे। इससे लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma