पल्स पोलियो उन्मूलन को लेकर रोटरी क्लब ने निकाली जागरूकता रैली

 


नवादा, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने और आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को रोटरी क्लब ऑफ नवादा की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में काफी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से नागरिकों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने और अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

रैली का नेतृत्व रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू, पूर्व असिस्टेंट गवर्नर वजीर प्रसाद तथा पूर्व अध्यक्ष श्याम अग्रवाल ,डॉ प्रह्लाद कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। इसके लिए अभिभावकों को जागरूक रहने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी इस अभियान के प्रति प्रेरित करना चाहिए।

रैली में शामिल बच्चों और रोटरी क्लब के सदस्यों ने शहर की विभिन्न सड़कों पर भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान लोगों से अपील की गई कि वे पोलियो उन्मूलन के प्रयासों में अपना योगदान दें और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए।

रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी आवश्यक है। पोलियो से बचाव के लिए जागरूकता के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जाने वाले टीकाकरण अभियान में सहयोग करना भी महत्वपूर्ण है।

रोटरी क्लब के सदस्यों ने कहा कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने के लिए जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाने की जरूरत है। आम नागरिकों की सहभागिता से ही पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को मजबूती मिल सकती है। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक कर पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग के लिए प्रेरित करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन