संविधान दिवस पर न्यायालय, मंडल कारा और सुरक्षित स्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 


किशनगंज, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से संविधान की प्रस्तावना के पठन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश कुमार सिंह ने की। इस दौरान उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया तथा संविधान के मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश उत्पाद न्यायालय प्रथम नीरज किशोर सिंह, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम दीपचन्द पाण्डेय, विशेष उत्पाद न्यायालय द्वितीय के पीठासीन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह-1, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मुक्तेश मनोहर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर सहित अन्य न्यायिक दंडाधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर मंडल कारा, किशनगंज में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बंदियों को संविधान की समझ, शिक्षा के अधिकार तथा मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। उन्हें संविधान में नागरिकों को दिए गए अधिकारों और उनके प्रति निर्धारित जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर कारा अधीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पैनल अधिवक्ता मोनिका प्रसाद तथा मंडल कारा के बंदी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त सुरक्षित स्थान, किशनगंज में भी संविधान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विधि-विरुद्ध किशोरों को शिक्षा के अधिकार, संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता मधुकर प्रसाद गुप्ता ने किया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी पहुंचाना तथा कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना था। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की इस पहल के माध्यम से बंदियों और किशोरों को भी संविधान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह