गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

 




अररिया 02 अप्रैल(हि.स.)। भारत में गौ हत्या पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाए जाने और गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा की मांग को लेकर गौ भक्तों ने फारबिसगंज में जागरूकता अभियान चलाया गया।गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत फारबिसगंज में जगह जगह गौ भक्तों के बीच संपर्क कर लोगों को जागरुक करते हुए उनके बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक मनोज सोनी ने कहा कि भारत के समस्त विद्वान संतों के सानिध्य एवं असीम कृपा से गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा एवं गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को लेकर पूरे देश भर में गौ माता के भक्तों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जिला भर में 27 अप्रैल और 27 जुलाई को सम्मान दिवस मनाया जाएगा।

जिसमें जिले से समस्त गौ प्रेमियों को अपने अपने ब्लॉक अनुमंडल जिला कार्यालय जाकर ब्लॉक अधिकारी, अनुमंडल अधिकारी, जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राजपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र जिला कलेक्टर को दिया जाएगा।श्री सोनी ने कहा कि गौ सम्मान आह्वान अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

केंद्र सरकार और देश की सभी राज्य सरकारों से राष्ट्रीय और भारतीय संस्कृति के हित में संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से प्रार्थना कर गौ हत्या पर पूरे भारत में पूर्ण प्रतिबंध लगे ,गौ हत्या पूर्ण रूप से समाप्त हो, गौ माता को राष्ट्रीय माता, राष्ट्रीय देव, राष्ट्रीय आराध्य, राष्ट्रीय धरोहर अथवा राष्ट्रीय आधार का सम्मानित पद प्रदान करें।गौ सेवा हेतु केंद्रीय कानून लागू हो और केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय बने, जिससे संपूर्ण भारतवर्ष में समान रूप से गौ सेवा हो सके l

मौके पर बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक मनोज सोनी, सोनू राय, उद्यानंद राय, जोगिंदर गोस्वामी, शंकर झा,दुर्गानंद मंडल, लाल सिंह, सुबोध शाह, सुरेश पासवान सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर