तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

 


भागलपुर, 31 मई (हि.स.)। समाज में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने को लेकर रविवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों, कर्मचारियों, पैनल अधिवक्ताओं और पारा विधिक स्वयंसेवकों सहित कई लोगों ने भाग लिया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, भागलपुर दीपांकर पांडेय ने सभी उपस्थित लोगों को तंबाकू, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करने की शपथ दिलाई।

इस मौके पर उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय भागलपुर राजकुमार राजपूत, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश संजय प्रिया, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजेश रंजन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार भागलपुर रंजीता कुमारी सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान यह बताया गया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नशा मुक्त समाज की दिशा में सकारात्मक संदेश जाता है और लोगों को स्वस्थ जीवन अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर