सारण में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 




सारण, 07 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सेंट्रल पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय सभी के लिए स्वास्थ्य विज्ञान के साथ विषय पर आधारित था, जिसका उद्देश्य समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति चेतना जागृत करना था।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, विश्व स्वास्थ्य संगठन के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीतेश कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर की स्वास्थ्य चुनौतियों का मुकाबला केवल सजगता और वैज्ञानिक समझ से ही संभव है। उन्होंने स्वच्छता, संतुलित पोषण, समय पर टीकाकरण और रोगों की रोकथाम के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के संयोजक और रेड क्रॉस सोसाइटी राज्य शाखा के सदस्य डॉ हरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को मानवता और सेवा की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी शपथ ली। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार