विश्व जलीय विज्ञान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
भागलपुर, 21 जून (हि.स.)। विश्व जलीय विज्ञान दिवस को लेकर रविवार को पर भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण भागलपुर उप-कार्यालय में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह दिवस हाइड्रोग्राफरों के कार्यों, जलविज्ञान के महत्व तथा जल संबंधी आंकड़ों (डेटा) के आदान-प्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष मनाया जाता है। विश्व जलीयविज्ञान दिवस की तिथि अंतरराष्ट्रीय जलविज्ञान संगठन की स्थापना वर्षगांठ के उपलक्ष्य में निर्धारित की गई है।
इस वर्ष विश्व जलीयविज्ञान दिवस की थीम समुद्री डेटा के साझाकरण के तरीके में परिवर्तन निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य समुद्री एवं जल संबंधी आंकड़ों के अधिक प्रभावी, सुलभ और आधुनिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यालय प्रभारी द्वारा केक काटकर किया गया। इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जलीयविज्ञान के महत्व, हाइड्रोग्राफरों की भूमिका तथा विश्व जलीयविज्ञान दिवस के उद्देश्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर कर्मचारियों के बीच उपहारों का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में कार्यालय प्रभारी आर. के. सिंह सोलंकी, प्रारूपकार के. के. सिंह, तकनीकी सहायक रवि रंजन कौशिक, डाटा एंट्री ऑपरेटर मो. परवेज सहित कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तकनीकी मानकों के अनुरूप सुरक्षित नौवहन, जलमार्गों के कुशल प्रबंधन तथा समुद्री एवं जलीय पर्यावरण संरक्षण के प्रति कर्मचारियों एवं अन्य उपस्थित व्यक्तियों में अधिकाधिक जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा जलीयविज्ञान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर