राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ रवाना

 


दरभंगा, 18 अगस्त (हि.स.)। 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा ने मंगलवार को न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आमजनों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे विवादों को आपसी सुलह एवं समझौते से समाप्त करना समाज के हित में है। लोक अदालत के माध्यम से विवादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि लोक अदालत से लोगों के समय और धन की बचत होती है। आपसी सहमति से विवादों का समाधान होने से सामाजिक एकता और भाईचारा भी मजबूत होता है। उन्होंने आम लोगों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इसके बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में विचाराधीन बंदियों की जमानत एवं रिहाई तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं संबंधित पक्षों के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी सह उपाध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक सह सदस्य जिला विधिक सेवा प्राधिकार जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, सचिव कृष्ण कुमार मिश्र, लोक अभियोजक अमरेंद्र नारायण झा, सरकारी अधिवक्ता मिहिर कुमार झा, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार, मंडल कारा अधीक्षक स्नेहलता, बेनीपुर उपकारा अधीक्षक वीरेंद्र कुमार राय, मनमोहन कृष्ण सरावगी एवं अधिवक्ता सुशील कुमार पासवान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra