विश्व टीबी दिवस पर मास्क और जागरूकता मुहर से टीबी उन्मूलन का दिया संदेश

 


भागलपुर, 24 मार्च (हि.स.)। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जीवन जागृति सोसाइटी ने आईएमए भागलपुर के सहयोग से एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। जिसे अपनाने से टीबी उन्मूलन अभियान को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह ने अपनी टीम के साथ मंगलवार को सबसे पहले क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवा डॉ अजय कुमार सिंह से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने एक आवेदन सौंपते हुए एक विशेष जागरूकता मुहर भी प्रदान की। इस मुहर पर स्पष्ट संदेश लिखा है, मास्क पहनें, जब सफर में या भीड़ में हों। डॉ अजय सिंह ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, जो खांसने और छींकने के माध्यम से फैलती है। ऐसे में अगर मरीजों के पर्चे या चिट्ठे में इस तरह की मुहर लगाई जाए, तो यह न सिर्फ मरीज को बल्कि आम लोगों को भी जागरूक करने में कारगर साबित होगा।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्रत्येक टीबी मरीज को एक विस्तृत पंपलेट दिया जाए, जिसमें टीबी से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां सरल भाषा में उपलब्ध हों। पंपलेट में यह बताया जाए कि बीमारी कैसे फैलती है, इससे परिवार के अन्य सदस्यों को कैसे बचाया जा सकता है। इसके मुख्य लक्षण क्या हैं। अगर इलाज के बावजूद सुधार नहीं हो रहा हो तो क्या संकेत हैं और मरीज को किस प्रकार का खान-पान अपनाना चाहिए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ना है।

डॉ अजय सिंह ने अपर निदेशक से अनुरोध किया कि इस सुझाव को सरकार तक पहुंचाया जाए, ताकि इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की छोटी लेकिन प्रभावी पहलें लोगों के व्यवहार में बदलाव लाकर टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर