किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था सामान्य

 


किशनगंज, 19 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर आमजन को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है।

गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में 10,357 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। अब लाभुकों को गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। वे घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति कर दी जाएगी। प्रशासन द्वारा बुकिंग की समय-सीमा भी निर्धारित की गई है। इसके तहत शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग करा सकते हैं। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है।

कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 है।अधिकारियों के अनुसार, एलपीजी से संबंधित प्राप्त 6 शिकायतों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह