सुपौल के 2.63 लाख लाभार्थियों को मिले सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि के 28.80 करोड़ रुपये
सुपौल, 10 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के 1,05,67,975 लाभार्थियों के बैंक खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। प्रत्येक लाभार्थी को 1100 रुपये की पेंशन राशि दी गई। इस दौरान राज्यभर के लाभार्थियों के खातों में कुल 12,33,86,79,800 रुपये का अंतरण किया गया।
इसी क्रम में सुपौल जिले के 2,63,342 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 28,80,93,200 रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों को इसका लाभ मिला।
आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,72,308 लाभार्थियों को 20,32,93,200 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 49,535 लाभार्थियों को 5,46,28,500 रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 11,752 लाभार्थियों को 1,33,83,400 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 13,781 लाभार्थियों को 1,53,68,200 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 15,169 लाभार्थियों को 1,69,09,700 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 797 लाभार्थियों को 8,76,700 रुपये की राशि अंतरित की गई।
पेंशन राशि के डीबीटी के माध्यम से अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के लिए सुपौल जिला मुख्यालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 100 से अधिक लाभार्थियों के अलावा जिलाधिकारी सावन कुमार सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। पेंशन राशि खाते में अंतरित होने पर लाभार्थियों ने समय पर पेंशन की राशि उपलब्ध कराने के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र