वेब सीरीज 'संजीदगी एक पहेली' के लिए कलाकारों का चयन संपन्न

 


भागलपुर, 01 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के शिशु रोग विशेषज्ञ सह जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह द्वारा रचित और समाजसेवी संजीव सुमन के निर्देशन में बनने जा रही बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'संजीदगी एक पहेली' (एस-सीरिज फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस) के लिए रविवार को कलाकारों की चयन प्रक्रिया (ऑडिशन) सफलतापूर्वक संपन्न हुईइस

इस ऑडिशन का मुख्य उद्देश्य अंग क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें एक बड़ा प्लेटफॉर्म प्रदान करना रहा। आज आयोजित इस ऑडिशन में भागलपुर और आसपास से आए दर्जनों प्रतिभावान मेल और फीमेल कलाकारों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने 'संजीदगी' और 'लापरवाही' जैसे गंभीर विषयों पर आधारित दृश्यों को बखूबी मंच पर उतारा। चयन प्रक्रिया के दौरान कलाकारों के अभिनय, संवाद अदायगी और भाव-भंगिमाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर फिल्म के निर्माता डॉ. अजय सिंह और निर्देशक संजीव सुमन के साथ-साथ कला और सामाजिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से शुबराज सिंह, कत्थक कोच निवास मोदी, सहयोगी आलोक चौधरी और स्थानीय कलाकार नित्यानंद नितुल, माना शुक्ला, विश्वा सिंह, राज सिंह, मनीष यादव, प्रेम सिंह, मनोहर राजा, डॉ. मनीष राज, रवि शंकर, उदय कुमार, बिहारी प्रसाद, राज चौधरी, अजय कुमार, डॉ. आलोक भास्कर, रवि पोद्दार, रिया कुमारी और रानी चौधरी सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति पेश की। निर्माता डॉ. अजय सिंह ने कहा अंग प्रदेश की धरती हुनर से भरी है। हमारा प्रयास है कि एक संजीदा सामाजिक संदेश के साथ-साथ हम यहाँ के कलाकारों को वह सम्मान दिला सकें जिसके वे हकदार हैं।

निर्देशक संजीव सुमन ने बताया आज के ऑडिशन में कलाकारों का उत्साह देखकर यह स्पष्ट है कि हमारी वेब सीरीज 'संजीदगी एक पहेली' कलात्मक दृष्टिकोण से बहुत समृद्ध होने वाली है। हम अप्रैल 2026 तक इस प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यह वेब सीरीज न केवल मनोरंजन करेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति समाज को जागरूक भी करेगी। चयनित कलाकारों के नामों की घोषणा जल्द ही आधिकारिक तौर पर की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर