सारण में नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास, आरोपित दुकानदार गिरफ्तार
सारण, 10 अगस्त (हि.स.)। जिले नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। आरोपित गांव के ही 50 वर्षीय परचून दुकानदार साबिर उर्फ मुल्ला अंसारी है। मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजन के अनुसार आरोपित ने चॉकलेट देने का लालच देकर बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी दुकान के पीछे ले जाकर गलत काम करने का प्रयास किया। शुरुआती दौर में मामले को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
आक्रोश की सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित बालिका को चिकित्सीय जांच के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेजा गया है।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद एवं साक्ष्य के आधार पर न्यायिक प्रक्रिया के जरिए आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस घटना के बाद से गांव में दो पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार