ढाई लाख में दो माह के मासूम को सौंपने की कोशिश, एसएसबी ने महिला को पकड़ा

 


किशनगंज, 30 अगस्त (हि.स.)। इंडो-नेपाल सीमा से सटे गलगलिया थाना क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) ने मानव तस्करी की आशंका से जुड़ी एक घटना का खुलासा करते हुए दो माह के मासूम बच्चे को एक व्यक्ति को सौंपने जा रही महिला को पकड़ लिया।

एसएसबी ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बच्चे को राजस्थान निवासी एक व्यक्ति को ढाई लाख रुपये में सौंपने की योजना की बात बताई है। जानकारी के अनुसार, 41वीं वाहिनी एसएसबी रानीडांगा को सूचना मिली थी कि एक महिला शिशु को लेकर गलगलिया-भातगांव बस स्टैंड पहुंचेगी और वहां किसी व्यक्ति को बच्चे को सौंपने वाली है।

सूचना के आधार पर ए कंपनी निम्बूगुड़ी और जी कंपनी भातगांव की टीम ने बस स्टैंड के समीप घेराबंदी की।एसएसबी की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम और राहत संस्था किशनगंज के सहयोग से महिला को बच्चे के साथ पकड़ लिया गया। पकड़ी गई महिला हाथखोला, बागडोगरा की रहने वाली बताई गई है।

एसएसबी के अनुसार बरामद बच्चे का जन्म 19 जून 2026 को हुआ था। पूछताछ में महिला ने बच्चे को राजस्थान निवासी व्यक्ति को ढाई लाख रुपये में सौंपने की बात कही।गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया है कि बरामद बच्चा महिला का ही है। बच्चे को गोद देने की बात भी सामने आई है।

महिला और बच्चे को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। अब सीडब्ल्यूसी के निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और बाल कल्याण विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चे को गोद देने की प्रक्रिया किस परिस्थिति में हुई तथा उसे बस स्टैंड तक लाने के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था।

एसएसबी सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। अधिकारियों के अनुसार बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह